मां की गोद में मुस्कुराने से पहले की जिंदगी से जंग, 8 दिन की मासूम को एयर एम्बुलेंस से भेजा गया मुंबई
मां की गोद में आए अभी महज आठ दिन ही हुए थे

मां की गोद में मुस्कुराने से पहले की जिंदगी से जंग, 8 दिन की मासूम को एयर एम्बुलेंस से भेजा गया मुंबई
जबलपुर, यश भारत। मां की गोद में आए अभी महज आठ दिन ही हुए थे कि एक मासूम बच्ची जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ने को मजबूर हो गई। शहडोल निवासी नवजात बच्ची की तबीयत लगातार बिगड़ने पर परिजन उसे गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि बच्ची के दिल में जन्मजात छेद है और उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
डॉक्टरों ने तत्काल बड़े सेंटर में इलाज की सलाह दी, जिसके बाद गुरुवार को बच्ची को एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई के Narayana Hospital रवाना किया गया। इस दौरान पिता विक्रम दाहिया अपनी मासूम बच्ची को सीने से लगाए पूरे समय उसके साथ रहे। मौसा अजय दाहिया भी परिवार के साथ मौजूद रहे।
आरबीएसके प्रबंधक सुभाष शुक्ला ने बताया कि बच्ची को दो दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। विशेषज्ञ जांच में गंभीर हृदय रोग की पुष्टि होने के बाद तुरंत इलाज की प्रक्रिया शुरू की गई। मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप जैन से समन्वय कर मेडिकल रिपोर्ट तैयार की गई और मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना व पीएमजेएवाई के अंतर्गत एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई।
गुरुवार को सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्ची को मुंबई एयरलिफ्ट किया गया। एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और आरबीएसके टीम ने मौजूद रहकर परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई। अब परिवार की उम्मीदें मुंबई में होने वाले इलाज पर टिकी हैं।






