MR-4 रोड पर लापरवाही से कार लहराने वाले चालक पर बड़ी कार्रवाई, ASP अंजना तिवारी ने कराया लाइसेंस सस्पेंड…. देखें पूरा वीडियो …..

जबलपुर। शहर के व्यस्त मार्ग MR-4 रोड पर लापरवाही पूर्वक और खतरनाक तरीके से कार दौड़ाने वाले चालक के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी यातायात अंजना तिवारी ने बताया कि दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एक नीले रंग की कार का चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी को सड़क पर लहराते हुए चला रहा था। कार के पीछे चल रहे एक अन्य वाहन चालक ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

ASP अंजना तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्काल तत्परता दिखाई और कार चालक की पतासाजी की। पुलिस ने आरोपी चालक को ढूंढकर उसके खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की है, साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए, इसके लिए चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया गया है।

गौरतलब है कि MR-4 रोड शहर का एक बेहद व्यस्त मार्ग है, जहाँ हर समय बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और आम लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में इस तरह से लहराते हुए गाड़ी चलाने से कोई भी बड़ी और दर्दनाक दुर्घटना घट सकती थी और लोगों की जान को सीधा खतरा बना हुआ था। ASP अंजना तिवारी ने साफ संदेश दिया है कि सड़कों पर आम जनता की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी हुड़दंगी या लापरवाह चालक को बख्शा नहीं जाएगा।







