बरगवां और कटनी साउथ स्टेशन मार्ग पर सीवर लाइन निर्माण के चलते पूरा शहर जाम से हलाकान है। सुबह से लेकर शाम और रात तक हर कोई जाम में फंसा हुआ नजर आ रहा है। साउथ स्टेशन जाने वाले मार्ग पर लक्ष्मी पान भण्डार के पास दो दिन पूर्व अचानक शुरू किए गए सीवर लाइन निर्माण की वजह से न केवल वाहन चालक बल्कि इस इलाके के बाशिंदे भी परेशान हैं। घर के सामने सुबह से ही वाहनों की कतार लग जाती है। स्थिति यह है कि लोगों को खुद ही अपने घर से बाहर निकलकर जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करना पड़ रहा है। कुछ इसी तरह का हाल बरगवां मुख्य मार्ग का है। यहां भी वनवे ट्रैफिक की वजह से जाम जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। आज शाम 6 बजे से इस मार्ग पर महाजाम लग गया। आलम यह रहा कि माधवनगर गेट से लेकर बरगवां होते हुए मिशन चौक, आज़ाद चौक, चांडक चौक, नदीपार, बस स्टैंड तक जाम लग गया। कुछ इसी तरह का हाल मिशन चौक ओवर ब्रिज का रहा। ब्रिज के ऊपर वाहन ऐसे फंस गए कि एक भी वाहन आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं था। बड़ी संख्या में दुपहिया और चार पहिया वाहन चालक जाम में फंस गए। जाम लगने के बाद बरगवां में ट्रैफिक सूबेदार सोनम उइके और चांडक चौक में कोतवाली टीआई राखी पांडे ने स्टाफ के साथ मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद जाम खुला और लोग अपने गंतव्य के लिए निकले।