कटनी

घर में घुसे तीन कबर बिज्जू, हडक़म्प, वन विभाग ने वन्य जीवों का सुरक्षित किया रेस्क्यू, बड़वारा वन परिक्षेत्र के सकरी गांव का मामला

कटनी, यशभारत। बरही-बड़वारा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सकरी में उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक रिहायशी मकान में तीन खतरनाक वन्य प्राणी कबर बिज्जू घुस आए। ये कबर बिज्जू सिटेविट हनी बैजर प्रजाति के बताए गए हैं। वन्य जीवों को घर में देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और तीनों जीवों को सुरक्षित पकडक़र घने जंगल में छोड़ दिया। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सकरी के एक ग्रामीण के घर में अचानक इन वन्य प्राणियों की हलचल महसूस हुई। जब घर के सदस्यों ने ध्यान से देखा तो कोने में तीन कबर बिज्जू बैठे थे। कबर बिज्जू को अपने बेहद आक्रामक स्वभाव और तीखे दांतों-नाखूनों के लिए जाना जाता है, जिसके कारण घर के लोग तत्काल सहम गए और शोर मचाते हुए बाहर भागे। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित थे।
वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बरही वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों और पिंजरों के साथ मौके पर पहुंची। घर के भीतर सकरा स्थान होने के कारण ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। घंटों चली कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद वन विभाग की टीम ने तीनों वन्य प्राणियों को बिना किसी चोट के सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया।
आबादी से दूर छोड़े गए कबर बिज्जू
वन अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए तीनों कबर बिज्जू पूरी तरह स्वस्थ हैं। पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम उन्हें आबादी वाले क्षेत्र से दूर उनके अनुकूल सुरक्षित प्राकृतिक आवास घने जंगल में ले गई, जहां उन्हें सकुशल छोड़ दिया गया है। इस सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में पानी और भोजन की तलाश में वन्य प्राणी अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की रुख करते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने या वन्यजीवों पर हमला करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button