शादी समारोह में विवाद के बाद चाकूबाजी, 4 गंभीर घायल कटनी जिला अस्पताल में दाखिल

कटनी, यशभारत । समीपी रैपुरा थाना अंतर्गत ग्राम अधराड में बीती रात एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाट-फुल्की खाने को लेकर हुए विवाद में दो आरोपियों ने चार लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना दिनांक 13 और 14 मई की दरमियानी रात की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम अधराड में आयोजित एक शादी कार्यक्रम के दौरान चाट-फुल्की के ठेले पर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राहुल और सोनू बर्मन (निवासी अधराड) ने तैश में आकर अन्य युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें सौरभ लोधी (17 वर्ष), निवासी रैपुरा, शिवम लोधी (18 वर्ष), निवासी रैपुराराजकिशोर लोधी (35 वर्ष), निवासी बसेहड़ी, जिला कटनी कुलदीप रैकवार, निवासी अधराड शामिल है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) रैपुरा ले जाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए, मेडिकल ऑफिसर डॉ. एम.एल. चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय कटनी लाकर दाखिल कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रैपुरा थाना पुलिस ने तत्काल कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना प्रभारी श्रीमती स्मिता सिंह बघेल के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।







