मध्य प्रदेशराज्य

विकासखंड शिक्षा कार्यालय का बाबू 10 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप : जबलपुर लोकायुक्त टीम की कार्यवाही

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धनौरा विकासखंड शिक्षा कार्यालय में बुधवार को योगेश देशमुख के निर्देश और मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार सिरसाम (43) निवासी ग्राम छुई, जिला सिवनी वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुनवारा, विकासखंड धनौरा में भृत्य पद पर पदस्थ हैं। इससे पहले वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीमगढ़, विकासखंड छपारा में पदस्थ थे, जहां उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बहाली के बाद उनकी पदस्थापना सुनवारा विद्यालय में की गई थी।

आवेदक की 14 माह की निलंबन अवधि का लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये जीवन निर्वाह भत्ता लंबित था। इस राशि के भुगतान के लिए वे विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय धनौरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे के संपर्क में आए। आरोप है कि कुमरे द्वारा फाइल आगे बढ़ाने और भुगतान कराने के एवज में 32 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।

देवेंद्र सिरसाम ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर से की। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी कर्मचारी 25 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया। तय योजना के तहत बुधवार 13 मई 2026 को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को विकासखंड अधिकारी कार्यालय धनौरा में आवेदक से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ट्रैप दल में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया सहित जबलपुर लोकायुक्त की विशेष टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button