मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया सम्मानित : एसडीओपी अपूर्व भलावी को मिला के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनादौन अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अपूर्व भलावी को उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान बालाघाट में पदस्थापना के दौरान प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सक्रिय सदस्य संदीप की गिरफ्तारी अभियान में प्रदर्शित उच्च कोटि की व्यवसायिक दक्षता, साहस और कौशल के लिए प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार अपूर्व भलावी ने बालाघाट जिले में कार्यकाल के दौरान माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सक्रिय सदस्य संदीप की गिरफ्तारी अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस कार्रवाई से भविष्य में संभावित नक्सली घटनाओं को रोकने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। उनके इस सराहनीय कार्य को देखते हुए शासन द्वारा उन्हें के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
यह सम्मान समारोह राजधानी रवींद्र भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2019-20 तथा 2021-22 के अंतर्गत परम विशिष्ट, अति विशिष्ट एवं विशिष्ट श्रेणी के पुरस्कार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किए। समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अश्वरोही दल द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया गया तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपूर्व भलावी को मिले इस सम्मान से पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है। उनके सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले और पुलिस विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।







