विधुत वितरण कम्पनी क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने 15 मई को होगी वेण्डर मीट

विधुत वितरण कम्पनी क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने 15 मई को होगी वेण्डर मीट
भोपाल, यशभारत। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 15 मई को भोपाल में वेण्डर मीट आयोजित की जाएगी। यह बैठक गोविंदपुरा स्थित पावर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर के सभागार में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। कंपनी की ओर से बताया गया है कि वेण्डर मीट में वर्तमान के साथ नए विक्रेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक विशेष रूप से पावर ट्रांसफॉर्मर, स्ट्रेन हार्डवेयर एवं इंसुलेटर सामग्री के आपूर्तिकर्ताओं के लिए आयोजित की जा रही है। कंपनी के अनुसार इस वेण्डर एंड कॉन्ट्रेक्टर मीट का उद्देश्य विक्रेताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना और खरीद प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है। बैठक में विक्रेताओं की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के साथ निविदा प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों, अनुबंध प्रबंधन तथा सुझावों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ साथ खरीद प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कंपनी लगातार प्रयासरत है। कंपनी ने 15 मई को आयोजित वेण्डर मीट में सभी संबंधित विक्रेताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।







