सागर में जहरीली शराब कांड के बाद अवैध शराब नेटवर्क पर शिकंजा – कलेक्टरों को लगातार निगरानी और अचानक छापेमारी के निर्देश

सागर में जहरीली शराब कांड के बाद अवैध शराब नेटवर्क पर शिकंजा
– कलेक्टरों को लगातार निगरानी और अचानक छापेमारी के निर्देश
– पूरे प्रदेश में चलेगा विशेष अभियान
भोपाल, यश भारत। सागर में जहरीली शराब से 20 से अधिक मौतों के बाद प्रदेश सरकार ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए हैं। आबकारी विभाग ने अब केवल अवैध शराब की बिक्री पर ही नहीं, बल्कि इसके निर्माण, भंडारण और परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क पर नजर रखने को कहा है। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच और अचानक छापेमारी करने को कहा है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। निर्देशों में अवैध मदिरा के निर्माण, स्टोरेज, बिक्री और अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने की बात कही गई है। कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ अपर आबकारी आयुक्त, राज्य स्तरीय उडऩदस्ता और संभागीय उडऩदस्ता भी कार्रवाई में समन्वय करेंगे। आबकारी विभाग का फोकस अब अवैध शराब के स्रोत तक पहुंचने और उसके पीछे सक्रिय नेटवर्क को पकडऩे पर रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के साथ अचानक जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा।







