मैरिज गार्डन के अंदर घुसकर दुल्हन के जेवरात चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, आरोपी ने भतीजे के साथ दिया वारदात को अंजाम

कटनी, यशभारत। कुठला पुलिस ने पन्ना मोड़ स्थित विद्या मैरिज गार्डन में दुल्हन के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हरीश त्रिपाठी निवासी पहरुआ मण्डी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 अपै्रल की रात्रि उसकी बहन की शादी विद्या मैरिज गार्डन में थी। शादी के दौरान कमरे में रखी बंद पेटी का कुंदा तोडक़र उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात अज्ञात चोर ने पार दिए। जिसकी कीमत 3 लाख रुपये आंकी गई। मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक व्यक्ति गमछा डाले कमरे में प्रवेश कर सिंगारदानी ले जाते तथा दूसरा व्यक्ति बाहर निगरानी करते दिखाई दिया, जिसकी रिपोर्ट पर दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया गया। कुठला पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए परम्परागत एवं तकनीकी सहायता लेकर विवेचना की गई। घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी की पहचान राजकुमार कोरी उर्फ तिज्जू कोरी निवासी कछगवा के रूप में की गई। राजकुमार कोरी की पता तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया तथा पूछताछ में उसने अपने भतीजे शाहिल के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी से चोरी किये जेवर झुमकी, बिछिया, अंगूठियां जप्त की गई, जबकि आरोपी द्वारा चोरी किया गया सोने का हार बैंक में गिरबी रख दिया गया, जिसे प्राप्त करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले का अन्य आरोपी शाहिल जो फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी को न्यायालय कटनी में प्रस्तुत किया गया है तथा आरोपी से अन्य प्रकरणों में पूछताछ हेतु पुलिस रिमाण्ड में लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से चोरी, मारपीट, आम्र्स एक्ट, जुआ, सट्टा के 6 अपराध पंजीबद्ध है। कार्यवाही में कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्र, उप निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, रवि शुक्ला, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, अजीत मिश्रा, सविता तिवारी, आरक्षक अभय यादव की सराहनीय भूमिका रही।







