
जबलपुर, यश भारत। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगाने के लाभों की जानकारी देने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शनिवार को शहर के सभी संभागीय, उपसंभागीय कार्यालयों और वितरण केंद्रों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविर दोपहर 2 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होंगे।
शिविर में सोलर रूफटॉप से जुड़े लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण, नेट मीटर स्थापना, मीटर परिवर्तन व परीक्षण, कमीशनिंग सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और मोबाइल एप का लाइव डेमो भी दिया जाएगा। बैंकों के प्रतिनिधि रूफटॉप सोलर के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी देंगे, जबकि अधिकृत वेंडरों द्वारा सोलर पैनल से संबंधित तकनीकी और अन्य जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं को भी शिविर में आमंत्रित किया जाएगा, जिनके बिजली बिल में सोलर लगाने के बाद उल्लेखनीय कमी आई है, ताकि वे अपने अनुभव अन्य उपभोक्ताओं से साझा कर सकें।
जबलपुर शहर में अब तक योजना के तहत 11,159 निम्नदाब घरेलू एवं वाणिज्यिक और 96 उच्चदाब उपभोक्ताओं ने सोलर रूफटॉप लगाए हैं। इन उपभोक्ताओं के यहां कुल 64,041.75 किलोवॉट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।इनसे प्रतिमाह अनुमानित 76.84 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। इसमें से करीब 42.04 लाख यूनिट उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग की जा रही है, जबकि शेष 34.80 लाख यूनिट बिजली ग्रिड में भेजी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बड़ी कमी आई है।







