ओलावृष्टि : बरही के खेतों में जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर; राजस्व अमले को किसानों की फसलों का सर्वे प्रमाणिकता से करने के निर्देश

कटनी, यशभारत। कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देश पर ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कर जायजा लेने सोमवार की सुबह 7 बजे से ही कृषि एवं राजस्व अमला खेतों में पहुंच गया है। कलेक्टर स्वयं भी बरही तहसील के गांवों के खेतों के भ्रमण पर हैं। कलेक्टर श्री प्रसाद ने कृषि, राजस्व और पंचायत विभाग के मैदानी अमले को बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त और प्रभावित फसलों का पूरी प्रामाणिकता और ईमानदारी के साथ सर्वे करने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे भी किसानों से मिलें और खेतों में जाकर क्षति का जायजा लें। इधर कलेक्टर के निर्देश के बाद तहसीलदार बरही खन्ना, बरगवां, लुरमी गांव सुबह ही पहुंच गए। तहसीलदार विजयराघवगढ़ बी के मिश्रा ने विजयराघवगढ़ तहसील के अंतर्गत समस्त राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि 6 ग्राम हथेड़ा, भैसवाही, कारीतलाई, लखनपुरा, कुशमा एवं रोहनिया में प्रारंभिक तौर पर फसल क्षति होने की खबर मिली है। तहसीलदार श्री मिश्रा, आरआई, पटवारी के साथ सोमवार की सुबह खेतों में पहुंच गए।
उन्होंने किसानों के साथ असामयिक वर्षा एवं ओलिवृष्टि से संभावित फसल क्षति का मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने बताया कि यहां चने के साइज के ओले गिरे हैं एसाथ ही हल्का-फुल्का पानी गिरा है। वहीं तहसीलदार बरही ने हल्का पटवारियों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि बरही, बुजबुजा, लुरमी, बनगंवा, खन्ना, झिरिया, सिरोंजागडरिया, सिमरियासानी ग्राम में ओले गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। वे खुद गांवों में पहुंच कर जायजा ले रहे हैं। ग्राम और भी सर्वे अमला पहुंचा जहां हल्की बारिश होने और फसलों को कोई नुकसान नहीं होने की जानकारी किसान भाइयों द्वारा दी गई।
किसानों को किया आश्वस्त, फसलों की क्षति का सर्वे करने आएगी टीम
कलेक्टर अवि प्रसाद ने भदौरा के खेतों में पहुंचकर किसानों से वर्षा एवं ओलावृष्टि से फसल क्षति के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर अवि प्रसाद ने निरीक्षण के बाद खन्नाबंजारी में जनप्रतिनिधियों के साथ खेतों में पहुंचकर बारिश एवं ओलावृष्टि के प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री प्रसाद खन्ना बंजारी के कृषक नीलेश सिंह के खेत पहुंचे। कृषक नीलेश सिंह एवं जनप्रतिनियों ने बताया कि यहां ओले गिरे है, लेकिन फसलों को क्षति नहीं हुई। इसके पश्चात कलेक्टर अवि प्रसाद हथेड़ा पहुंचे। कलेक्टर श्री प्रसाद ने किसानों को आश्वस्त किया कि ओलावृष्टि से फसलों की क्षति का सर्वे करने राजस्व व कृषि विभाग की टीम गांव में पहुंचेगी। प्रशासन द्वारा फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को फसल नुकसानी का मुआवजा दिलाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश मंडलोई, तहसीलदार बरही नितिन पटेल, अधीक्षक भू-अभिलेख डॉ राकेश कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
2 किलोमीटर तक खेतों की पगडंडियों और मेढ़ों पर चले कलेक्टर
कलेक्टर ने करीब 2 किलोमीटर तक खेतों की पगडंडियों और मेढ़ों पर चलकर, कटीली झाडियों से बचते बचाते यहां के कृषक नत्थू सिंह मरावी एवं मदन सिंह के खेतों का निरीक्षण किया। किसानों ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण चने के फूल झड़ गए है, जबकि गेहूं की फसल में नुकसान नहीं हुआ है पर पकने के बाद गेहूं के दाने पतले निकलेंगे। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय निवासी राजेश तिवारी भी मौजूद रहे। हथेड़ा निवासी किसान धनपत और गोविंद ने कहा की बागवानी, सब्जी भाजी, टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है।
धनपत ने ओला गिरने से टमाटर फटकर बिखरने की जानकारी दी। यहां से आगे निकलने पर ग्रामीणों के तीन चार लोगों के समूह ने हाथ देकर गाड़ी रोकने की गुजारिश की इस पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने गाड़ी रुकवाई। कलेक्टर ने भी किसानों को निराश नहीं किया। उन्होंने पूछा की कितना नुकसान हुआ है। फिर कहा की आपका खेत कहां है। इस पर बात करते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद दिनेश कचेरए अमृत लाल और दादू राम के खेत पहुंचे। यहां सरसों की फसल पक चुकी थी। मौके पर मौजूद उपसंचालक कृषि ने किसानों को समझाइश दी कि सरसों की फसल को तत्काल कटाई कर लें नही तो धूप तेज होने पर इसकी फलियां चटककर बिखरने लगेंगी।