गैस लीक से घर में तेज धमाका, मामा-भांजा झुलसे : जिला अस्पताल में भर्ती; लोहे का दरवाजा और छप्पर टूटा

मंडला । रानी दुर्गावती वार्ड में गैस लीक होने से तेज धमाका हुआ। हादसे में मामा-भांजा झुलस गए। डायल-112 की टीम ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान रजत गुप्ता (38) और अंबर गुप्ता (14) के तौर पर हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा रानी अवंती बाई स्कूल के सामने पीएम आवास योजना के तहत बने मकान में सुबह करीब 8 बजे हुआ। रजत गुप्ता चाट-पकौड़ी का ठेला लगाते हैं। बताया गया कि वे कमरे में गैस चूल्हे पर कुछ बना रहे थे। इसी दौरान गैस लीक होकर कमरे में भर गई और चिंगारी लगने से अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि मकान का लोहे का दरवाजा टूटकर दूर जा गिरा।
छप्पर की टीन और खपरे भी टूट गए। आसपास के मकानों पर भी इसका असर पड़ा। चूल्हे के पास होने के कारण रजत आग की लपटों की चपेट में आ गए। उनके पास सो रहा 14 साल का भांजा अंबर भी झुलस गया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







