भोपालमध्य प्रदेश

70 हजार के कर्ज के लिए पिता को बनाया बंधक, 4 दिन मर्चुरी में पड़ा रहा नवजात बेटी का शव

70 हजार के कर्ज के लिए पिता को बनाया बंधक, 4 दिन मर्चुरी में पड़ा रहा नवजात बेटी का शव

भोपाल, यशभारत। राजधानी से लगे सीहोर जिला अस्पताल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। यहाँ एक मजबूर पिता अपनी नवजात बेटी के शव को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर निकला। हृदयविदारक बात यह है कि बच्ची की मौत के चार दिन बाद तक उसका शव मर्चुरी में पड़ा रहा, क्योंकि उसके पिता को कथित तौर पर 70 हजार रुपए के कर्ज के बदले एक किसान ने बंधक बना रखा था।

40 दिनों से चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, आष्टा तहसील के ग्राम हकीमाबाद निवासी रवि रघुवंशी की पत्नी अंजलि ने 24 मार्च को जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया था। प्रसव के दौरान एक बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि दूसरी बच्ची का वजन मात्र 1.4 किलो होने के कारण उसे जिला अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया था। करीब 40 दिनों तक चले इलाज के बाद 3 मई को दूसरी बच्ची ने भी दम तोड़ दिया।

कर्ज के जाल में कैद था पिता
मृतक बच्ची के पिता रवि रघुवंशी ने आरोप लगाया कि वह देवास जिले के जालेरिया गांव में किसान मनोज जाट के यहाँ मजदूरी करता है। उस पर किसान का 70 हजार रुपए का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए किसान ने उसे और उसके एक साथी को बंधक बना रखा था। रवि का कहना है कि उसने बार-बार अस्पताल जाने की मिन्नतें कीं, लेकिन उसे वहां से हिलने नहीं दिया गया। पिता ने यहाँ तक कहा कि यदि उसे समय पर अस्पताल जाने दिया जाता, तो शायद बच्ची की जान बच सकती थी।

पुलिस ने गांव से ढूंढ निकाला
अस्पताल प्रबंधन ने बच्ची की मौत के बाद परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रिकॉर्ड में माता-पिता का नंबर उपलब्ध नहीं था और केवल खेत मालिक का नंबर दर्ज था। चार दिन तक जब कोई शव लेने नहीं पहुँचा, तो अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दंपति को देवास जिले से खोज निकाला और उन्हें सीहोर लाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

जांच के घेरे में बंधुआ मजदूरी
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यू.के. श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची प्रीमैच्योर और अत्यधिक कमजोर थी। वहीं, पुलिस अब इस मामले में बंधुआ मजदूरी के एंगल से गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि मजदूर को जबरन रोकने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button