अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर धमाका, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट—जांच जारी
धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया

अमृतसर,एजेंसी। पंजाब के अमृतसर में देर रात आर्मी कैंप के बाहर हुए धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना खासा कैंप के पास की बताई जा रही है, जहां रात करीब 11 बजे तेज धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। धमाके की जानकारी मिलते ही पुलिस और सेना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए लगाया गया है, जो घटनास्थल से सबूत जुटा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धमाके से आर्मी कैंप की बाहरी दीवार पर लगे टिन शेड को नुकसान पहुंचा है। हालांकि नुकसान सीमित बताया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। अमृतसर रूरल पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले जालंधर में भी एक धमाके की घटना सामने आई थी, जहां बीएसएफ चौक पर एक स्कूटर में ब्लास्ट हुआ था। हालांकि उस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल अधिकारी मामले में ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।






