भोपालमध्य प्रदेश

सुप्रीम कोर्ट का वकील बनकर बुजुर्ग महिला से 1.88 करोड़ की ठगी, सात के खिलाफ केस

सुप्रीम कोर्ट का वकील बनकर बुजुर्ग महिला से 1.88 करोड़ की ठगी, सात के खिलाफ केस

परिवार का भरोसा जीतकर हड़पे नकदी, 40 तोला सोना और संपत्ति; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सुप्रीम कोर्ट का वकील होने का झांसा देकर 1.88 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों ने न केवल नकद और गहने हड़पे, बल्कि महिला की संपत्ति को भी अपने नाम करवाने की साजिश रची। पुलिस ने मुख्य आरोपी दिल्ली के वकील समेत सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अकेलेपन और पारिवारिक विवाद का उठाया लाभ
पीड़िता रंजना भसीन (74) नीरजा नगर की निवासी हैं और हमीदिया अस्पताल से रिटायर्ड स्वर्गीय डॉ. बृजमोहन भसीन की पत्नी हैं। पति और बड़े बेटे के निधन के बाद वे घर में अकेली रह रही थीं। इसी दौरान उनके छोटे बेटे के साथ चल रहे पारिवारिक विवाद का फायदा उठाते हुए छत्तीसगढ़ निवासी भाई ने महिला की पहचान दिल्ली के बृजेंद्र सिंह से कराई। बृजेंद्र सिंह ने खुद को सुप्रीम कोर्ट का प्रभावशाली वकील बताकर महिला का विश्वास जीता।

डर का माहौल बनाकर रची साजिश
आरोप है कि वकील बृजेंद्र सिंह ने महिला को उनके बेटे के खिलाफ चल रहे केस में मदद करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने महिला के मन में गिरफ्तारी का डर पैदा किया और दावा किया कि उनसे बचने के लिए मोटी रकम की जरूरत है। इसी दबाव में महिला ने बैंक से लाखों रुपये निकलवाकर वकील को दिए। साथ ही, आरोपी ने चालाकी से महिला से कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए और उनकी संपत्ति को अपनी बेटी शगुन सिंह के नाम वसीयत भी करवा ली। हालांकि, संदेह होने पर महिला ने बाद में यह वसीयत निरस्त करा दी।

एसीपी अदिति बी. सक्सेना ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद मामले की गहन जांच की गई, जिसमें आरोपों की सत्यता सामने आई। पुलिस ने मुख्य आरोपी बृजेंद्र सिंह, उनकी पत्नी रूपम, बेटी शगुन और अन्य सहयोगियों (बिल्डर्स) समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी और साजिश की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें राउंडअप करने की कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button