गेहंू लेकर पहुंच रहा किसान, सोसायटी करवा रही इंतजार, बारदाने की कमी और सर्वर डाउन का बहाना, हीरापुर सोसायटी का मामला, आधा सैकड़ा किसान परेशान

कटनी, यशभारत। जिले में सर्मथन मूल्य पर गेंहू उपार्जन का काम चल रहा है। सरकार के निर्देश हैं कि प्रत्येक किसानों से अनाज का एक-एक दाना खरीदा जाए लेकिन कटनी की बात करें तो यहां अन्नदाता अपनी उपज बेचने के लिए परेशान है। केन्द्रों में अनियमितताओं का आलम है। भरी गर्मी जब किसान अपनी उपज लेकर केन्द्रों में पहुंचता है तो यहां उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान का कहना है कि केन्द्रों में सोसायटी के कर्मचारियों द्वारा वेवजह परेशान करते हुए अनाप-शनाप वसूली की जा रही है। ताजा मामला जिला मुख्यालय से लगे हीरापुर कौंडिय़ा का सामने आया है, जहां सुबह 9 बजे से किसान अपनी उपज लेकर खरीदी का इंतजार कर रहे हैं लेकिन यहां उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। खरीदी कार्यालय में ताला लगा हुआ है और केन्द्र के बाहर किसान खरीदी होने का इंतजार कर रहा है। किसानों ने सोसायटी के कर्मचारी विनोद दुबे, सुरेन्द्र दाहिया और सूरज चक्रवर्ती पर आरोप लगाते हुए कहा कि हीरापुर कौंडिय़ा सोसायटी में किसानों की उपज खरीदने में आनाकानी की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही है। यहां सुबह से इंतजार कराया जा रहा है। बताया जाता है कि करीब आधा सैकड़ा से अधिक किसान अपनी उपज लेकर आए हैं और तौल का इंतजार कर रहे हैं। कभी बारदाना की कमी तो कभी सर्वर डाउन होने का बहाना बनाया जा रहा है। किसानों ने कलेक्टर आशीष तिवारी से कार्यवाही की मांग की है।







