मध्य प्रदेशराज्य

रील के चक्कर में मौत से खेल: पुलिया पर स्टंट करते समय हवा में लटकी कार

सतना , यश भारत।सतना जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ एक बार फिर खतरनाक मोड़ लेती नजर आई। लाइक और फॉलोअर्स की चाहत में युवा किस हद तक जोखिम उठा रहे हैं, इसका ताजा उदाहरण नागौद थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया।

 

बताया जा रहा है कि चार युवक बिना नंबर की लग्जरी कार में सवार होकर स्टंटबाजी कर रहे थे और उसी दौरान मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर रील बना रहे थे। रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया की रेलिंग तोड़ती हुई आधी हवा में लटक गई।

 

घटना वसुधा गांव के पास मंदिर के नजदीक हुई, जहां अचानक इस नजारे को देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि कार नीचे नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को हटाकर थाने ले जाया गया। जांच में सामने आया कि चारों युवक डाम्हा गांव के रहने वाले हैं और एक शादी समारोह से लौटते समय यह खतरनाक स्टंट कर रहे थे।

 

पुलिस ने सभी युवकों की पहचान कर उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की होड़ में इस तरह की लापरवाही न सिर्फ अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा को भी गंभीर जोखिम में डालती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button