बरगी क्रूज हादसा: 4 घंटे बाद पलटे क्रूज के भीतर से एक व्यक्ति जिंदा निकाला गया

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे के बीच राहत की बड़ी खबर सामने आई है। हादसे के करीब चार घंटे बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने पलटे हुए क्रूज के अंदर से एक व्यक्ति को जीवित बाहर निकाला है।
जानकारी के अनुसार, क्रूज पलटने के बाद उसका एक हिस्सा पानी के ऊपर उठा हुआ था। रेस्क्यू के दौरान टीमों को अंदर से ठक-ठक की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद गोताखोरों ने उस हिस्से में सर्च ऑपरेशन तेज किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को जीवित अवस्था में बाहर निकाल लिया गया।
उसे तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि क्रूज के भीतर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका पहले से जताई जा रही थी, जिस पर रेस्क्यू टीमें लगातार काम कर रही थीं।
यह घटनाक्रम हादसे के बीच उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है।







