अमेहटा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से शादी में जा रहे दो युवकों की मौत, बड़ारी गांव में पसरा मातम

कटनी, यशभारत। जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेहटा गांव में बुधवार की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनीष सिंह (20 वर्ष) और पूरन सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कैमोर के बड़ारी गांव के निवासी थे।
मैहर जा रहे थे बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, मनीष और पूरन बुधवार रात करीब 9 बजे बाइक से मैहर जिले के झुकेही में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे अमेहटा गांव स्थित एसीसी प्लांट के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मनीष और पूरन की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे बड़ारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार ट्रक और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।








