ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर, 14 श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल

ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर, 14 श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल
– शीतला माता मंदिर के रास्ते पर हुआ भीषण हादसा, टक्कर से ढहा मंदिर का प्रवेश द्वार, सात घायलों की हालत गंभीर
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। हादसा चीनौर रोड पर ढलान के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार ट्रक श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और मलबे में कई लोग दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक ने रास्ते में मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सात घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए चला अभियान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की टक्कर के बाद घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मंदिर के प्रवेश द्वार की दीवार ढहने से मलबा फैल गया, जिसके नीचे बड़ी संख्या में लोग दब गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
11 मृतकों की पहचान, किशोर से बुजुर्ग तक शामिल
हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों में से अब तक 11 की पहचान होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में किशोरों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सत्येंद्र गुर्जर, सरला तोमर, गौरव परिहार और महेश शर्मा समेत 11 लोगों के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और घायलों के उपचार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
कलेक्टर रुचिका चौहान ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच कराई जाएगी। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम यह पता लगाएगी कि ट्रक अनियंत्रित कैसे हुआ और बैरिकेड तोड़कर प्रतिबंधित मार्ग पर किस तरह पहुंचा। जांच में वाहन की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकें।
हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
मंदिर मार्ग पर हुए इस हादसे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंधित मार्ग पर बैरिकेड होने के बावजूद भारी वाहन के पहुंचने और इतने बड़े हादसे की वजह बनने की जांच की जा रही है। अब प्रशासन की जांच से स्पष्ट होगा कि दुर्घटना के पीछे तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था।







