जबलपुरमध्य प्रदेश
बरगी क्रूज हादसा: अफरा-तफरी में बांटी गई लाइफ जैकेट, कई लोग नहीं पहन पाए

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे को लेकर नई जानकारी सामने आ रही है, जो सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रूज जब डैम में निकला तब कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही तेज हवा के कारण स्थिति बिगड़ने लगी और क्रूज के पलटने की आशंका बनी, तब जल्दबाजी में यात्रियों को लाइफ जैकेट बांटी गई। इस अफरा-तफरी में कुछ लोगों को जैकेट मिल ही नहीं पाई, जबकि जिन्हें मिली भी, वे उसे ठीक से पहन नहीं सके।
यात्रियों का कहना है कि यदि पहले से सभी को लाइफ जैकेट पहनाई जाती, तो नुकसान कम हो सकता था। शुरुआती लापरवाही के चलते ही हादसे का असर बढ़ा और हताहतों की संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और बचाव अभियान जारी है।







