167 नाबालिगों को ट्रेन से उतारने की कार्रवाई को कांग्रेस ने बताया अन्यायपूर्ण, निष्पक्ष जांच की मांग

कटनी, यशभारत। जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने 11 अप्रैल 2026 को कटनी रेलवे स्टेशन पर हुई घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना–पुणे एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे लगभग 167 नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी के संदेह में बिना ठोस प्रमाण के ट्रेन से जबरन उतार लिया गया। एड. अमित शुक्ला ने कहा कि उक्त बच्चे अपने परिजनों की सहमति से महाराष्ट्र के लातूर में शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से यात्रा कर रहे थे, लेकिन बिना समुचित जांच एवं विधिक प्रक्रिया अपनाए की गई कार्रवाई न केवल अनुचित है, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन भी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई दिनों से बच्चों को उनके परिजनों से दूर रखा गया है, जिससे उनकी मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही बच्चों को समुचित देखभाल एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात भी सामने आई है, जो मानवाधिकारों का उल्लंघन है। जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि सभी बच्चों को शीघ्र उनके परिजनों को सौंपा जाए तथा उनके भोजन, स्वास्थ्य एवं आवास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई है।
एड. अमित शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी आंदोलन करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय की शरण लेकर बच्चों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मारूफ अहमद हनीफ, जिला उपाध्यक्ष हाजी गुलाम जाफर, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष आफताब अहमद ‘चोखे’ भाईजान, श्याम यादव, रणजीत सिंह, अर्जुन सिंह, इमरान खान, विंदेश्वरी पटेल, रमाकांत दीक्षित, जाकिर हुसैन, लिप्पू भाईजान, डॉ. खान, राघव सोनी, हर्षित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।







