रद्दी चौकी क्षेत्र में मंदिर के पास शराब दुकान का विरोध, रहवासियों ने किया प्रदर्शन
प्रशासन से दुकान हटाने की मांग

जबलपुर, यशभारत। गोहलपुर थाना अंतर्गत रद्दी चौकी क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के विरोध में स्थानीय लोगों ने सोमवार को जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि मंदिर के समीप संचालित शराब दुकान से उनकी धार्मिक आस्थाएं आहत हो रही हैं। लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमघट लग जाता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो जाता है और महिलाओं एवं युवतियों का आवागमन कठिन हो जाता है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की अनदेखी से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्र के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में निर्णय नहीं लिया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।







