भोपाल में तेज़ हुई गर्मी की दस्तक, तापमान में बढ़ोतरी से बढ़ी लोगों की परेशानी – आंधी-बारिश थमते ही चढ़ा पारा, मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की एडवायजरी

भोपाल में तेज़ हुई गर्मी की दस्तक, तापमान में बढ़ोतरी से बढ़ी लोगों की परेशानी
– आंधी-बारिश थमते ही चढ़ा पारा, मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की एडवायजरी
फोटो कैप्शन: बढ़ती गर्मी के बीच दोपहर में धूप से बचने के लिए सिर ढककर निकलते लोग।
भोपाल, यश भारत । प्रदेश में पिछले दिनों चली आंधी और हल्की बारिश का दौर थमते ही राजधानी भोपाल में गर्मी ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया है। शहर के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दोपहर के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन के तापमान में 1 से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। भोपाल में भी पारे में बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर गर्म हवा का असर दिखाई दिया। रतलाम में सबसे अधिक 5.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन जैसे शहरों में भी तापमान बढ़ने से गर्मी का असर बढ़ गया।
मौसम विभाग भोपाल के अनुसार 15 अप्रैल के आसपास एक नया मौसम तंत्र सक्रिय हो सकता है, लेकिन यह काफी कमजोर रहेगा। इसके चलते प्रदेश में बारिश की संभावना कम है और गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में तापमान और अधिक बढ़ सकता है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही राजधानी में लोगों की दिनचर्या भी बदलने लगी है। दोपहर के समय तेज धूप से बचने के लिए लोग मुंह और सिर को कपड़े से ढककर घर से बाहर निकल रहे हैं। शहर के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में गन्ने के रस, ठंडे पेय और आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ बढ़ती दिखाई दे रही है। खासकर दोपहर के समय लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए नागरिकों के लिए एडवायजरी भी जारी की है। इसमें लोगों से दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। साथ ही दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह भी दी गई है।
विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से बचाने पर जोर दिया गया है, क्योंकि तेज धूप और गर्म हवाएं उनके स्वास्थ्य पर ज्यादा असर डाल सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि गर्मी से संबंधित लक्षण जैसे चक्कर आना, कमजोरी या अत्यधिक प्यास महसूस हो तो तुरंत छांव में जाकर आराम करना और पानी पीना जरूरी है।







