प्याज संकट पर बड़ा फैसला,प्रोसेसिंग उद्योग से किसानों को मिलेगा स्थिर दाम
मुंबई, यश भारत

प्याज संकट पर बड़ा फैसला,प्रोसेसिंग उद्योग से किसानों को मिलेगा स्थिर दाम
मुंबई, यश भारत । प्याज उत्पादक किसानों को दामों के उतार-चढ़ाव से राहत देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के पणन एवं प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल ने घोषणा की कि अब प्याज प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों को स्थिर और प्रतिस्पर्धी मूल्य मिल सके।
सह्याद्री अतिथि गृह में हुई बैठक में प्याज भंडारण और प्रोसेसिंग पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री रावल ने बताया कि महाराष्ट्र देश का प्रमुख प्याज उत्पादक राज्य है, जहां हर साल बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। इसमें लगभग 70 प्रतिशत प्याज घरेलू खपत में उपयोग होता है, जबकि 30 प्रतिशत अतिरिक्त बचता है।
इस अतिरिक्त उत्पादन को बर्बाद होने से बचाने के लिए अब प्याज पाउडर, चिप्स और अन्य वैल्यू-एडेड उत्पाद बनाने पर जोर दिया जाएगा। इससे उत्पादन अधिक होने पर भी किसानों को नुकसान नहीं होगा और बाजार में दाम संतुलित रहेंगे।
सरकार की योजना में महिला स्वयं सहायता समूहों (सेल्फ हेल्प ग्रुप्स ) की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, सौर ऊर्जा आधारित आधुनिक तकनीक अपनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
मंत्री रावल ने कहा कि जब उत्पादन ज्यादा होता है तो कीमतें गिर जाती हैं और किसान नुकसान झेलते हैं, जबकि कीमत बढ़ने पर उपभोक्ता प्रभावित होते हैं। इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए प्रोसेसिंग उद्योग एक स्थायी और प्रभावी समाधान है।







