मायके से विदा होकर घर लौट रही महिला की बाइक से गिरकर मौत

मायके से विदा होकर घर लौट रही महिला की बाइक से गिरकर मौत
भाई के साथ बस स्टैंड जाते समय एसओएस बालग्राम के पास हुआ हादसा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खजूरी कला इलाके में शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने ससुराल लौट रही 40 वर्षीय महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बस पकड़ने जा रही थी सीहोर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सोना यादव (40), निवासी श्यामपुर दोराहा, जिला सीहोर के रूप में हुई है। सोना यादव बीते 11 मार्च को अपने मायके खजूरी कला पिपलानी में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। मंगलवार, 12 मार्च को उन्हें वापस सीहोर लौटना था। उनका छोटा भाई उन्हें बाइक पर बैठाकर पिपलानी पेट्रोल पंप तक छोड़ने जा रहा था, जहाँ से उन्हें बस पकड़नी थी।
अचानक बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, बाइक जब एसओएस बालग्राम के पास पहुंची, तभी पीछे बैठी सोना यादव अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि महिला के गिरने का असल कारण क्या था क्या उन्हें अचानक चक्कर आया या बाइक को कोई झटका लगा। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।







