रीवा। मऊगंज जिले के थाना अन्तर्गत दो अलग अलग स्थानों में नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों का जमकर ताण्डव दिखने को मिला। बदमाशों ने दोनों ही घटनाओं में राहगीरों का रास्ता रोककर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। एक घटना में बदमाशों द्वारा बाइक सवार से मारपीट करते हुये 20 हजार रूपये और बाइक लूट की घटना कारित की है वहीं दूसरी घटना में बदमाशों के द्वारा प्रायवेट बैंक के कर्मचारी को रास्ता रोककर 88 हजार रूपये कैश एवं टैबलेट लूटा गया है। दोनों ही घटनाओं की शिकायत मऊगंज थाने में दर्ज करायी गयी है,जिसके आधार पर पुलिस अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। पहली घटना मऊगंज थाना क्षेत्र के अमहा स्थित वन विभाग की चौकी के समीप सामने आयी है। बताते हैं कि पीडि़त सीतापुर निवासी मो. संकीर्ण अपने घर से ससुराल के लिये बाइक में सवार हो निकला था,वह जैसे ही कुछ दूर स्थित वन विभाग की चौकी के समीप पहुंचा तभी बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया और युवक के साथ मारपीट करने लगे। बदमाशों ने पहले युवक को पीटा फिर बंधक बना दिया,तत्पश्चात उसके जेब में रखे 20 हजार रूपये और बाइक लूटकर रफूचक्कर हो गये। किसी तरह बंधक से मुक्त होने के बाद पीडि़त थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करायी है।
लूट की दूसरी वारदात मऊगंज थाना क्षेत्र के दामोदरगढ़ गांव के सुनसान क्षेत्र की बतायी जा रही है। चार की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने प्रायवेट बैंक के कर्मचारी को निशाना बनाया है। जानकारी अनुसार सतना जिले के जैतवारा थाना अन्तर्गत कुवरी गांव में रहने वाला ओम प्रकाश कुशवाहा पिता रामचंद्र कुशवाहा उम्र 25 वर्ष सीधी स्थित प्रायवेट बैंक का कर्मचारी है,जो घटना दिनांक के दिन मऊगंज के दामोदरगढ़ स्थित महिला स्व सहायता समूह की किस्त लेने पहुंचा था। कर्मचारी वहॉ से पैसे लेकर वापस लौट रहा था तभी दामोदरगढ़ गांव से निकलते ही सुनसान क्षेत्र में पहले से ही घात लगाकर बैठे बदमाशों ने कर्मचारी को रोक लिया और उसकी बेअदम पिटाई करने के बाद उसके पास किश्त का रखा हुआ 88 हजार रूपये एवं टैबलेट छीन लिये। काफी समय तक पीडि़त बदमाशों का सामना करता रहा,लेकिन 4 की संख्या में बदमाश पीडि़त पर भारी पड़े और उसका पैसा समेत टैबलेट लूट कर फरार हो गये। पीडि़त ने घटना की जानकारी मऊगंज थाने को दी,जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण उपरांत अज्ञात के विरूद्ध संबंधित धारा के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। अब पुलिस लूट की दोनों वारदातों में फरार हुये बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
Back to top button