कबाड़खाने में खड़ी सूमो में लगी आग,अंदर सो रहे अज्ञात व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत
सिहोरा थाना क्षेत्र की घटना

जबलपुर यशभारत। सिहोरा थाना क्षेत्र के मिलिट्री ग्राउंड स्थित कबाड़खाने में खड़ी एक पुरानी सूमो गाड़ी में आग लगने से उसमें रह रहे एक अज्ञात व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मिलिट्री ग्राउंड के पास कबाड़खाने में लंबे समय से एक पुरानी सूमो गाड़ी खड़ी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक एक अज्ञात व्यक्ति पिछले काफी समय से उसी गाड़ी में रह रहा था। सूमो में अचानक आग लग गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक गाड़ी के अंदर मौजूद व्यक्ति बुरी तरह झुलस चुका था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।







