रोज हो रही चोरी की वारदात, लोगों में दहशत, पुरानी कचहरी और माधवनगर से बाइक पार, पुलिस के हाथ खाली

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी कचहरी पार्किंग से विगत दिवस बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने बताया कि मोहित कुमार बर्मन निवासी ग्राम कन्हवारा अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर क्रमांक एमपी 21 एमके 4548 खड़ी कर काम से गए थे। जब वे वापस लौटे तो वाहन गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज किया है माधवनगर थाना क्षेत्र के कुम्हार मोहल्ला कलारी के पास से अमित बर्मन की बाइक चोरी हुई। अमित वार्ड क्रमांक 9 शारदा चौक निवार का निवासी है। उसकी बाइक क्रमांक एमपी 21 एमआ 7407 मेन रोड के पास से अज्ञात चोर उड़ा ले गए। इसी तरह कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरकारी राशन दुकान का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने 23 क्विंटल गेहूं चावल पार कर दिया। सेल्समैन दुर्गा चौधरी ने पुलिस को बताया कि अज्ञात चोरों ने राशन दुकान में सेंध लगाकर भारी मात्रा में अनाज पार कर दिया। जानकारी के अनुसार दुकान से 16 क्विंटल 79 किलो गेहूं और 7 क्विंटल 7 किलो चावल गायब हैं, जिनकी कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अन्य वारदात में बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात हुई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी लालजी गड़ारी ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 4 से 4.30 बजे के बीच जब घर पर कोई नहीं था, तब अज्ञात आरोपियों ने घर का ताला तोडक़र भीतर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी में रखे चांदी के टोडर, डोरा और करीब 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी तब लगी जब परिवार के सदस्य घर वापस लौटे। बहोरीबंद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।







