जबलपुरमध्य प्रदेश

एसपी ने रामपुर चौकी प्रभारी पर लगाई 25 हजार की कॉस्ट, फायरिंग मामले में आर्म्स एक्ट नहीं जोड़ने पर कार्रवाई

जबलपुर यश भारत । गोरखपुर थाना क्षेत्र की मांडवा बस्ती में हुई फायरिंग की घटना में लापरवाही बरतने पर रामपुर चौकी प्रभारी पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए की कॉस्ट लगाई है। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने मामले में एफआईआर दर्ज करते समय आर्म्स एक्ट की धाराएं नहीं जोड़ी थीं।

जानकारी के अनुसार मांडवा बस्ती में 18 फरवरी 2026 की रात अब्राहम शाह उर्फ इब्राहिम शाह का कुख्यात बदमाश करन दाहिया से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर करन ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर इब्राहिम शाह को घेर लिया। इस दौरान जब उसके परिजन बचाव के लिए आए तो आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग कर दी। बदमाशों ने पीड़ित के घर पर पथराव करते हुए तोड़फोड़ भी की।

घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी करन दाहिया और उसके तीन साथियों को गोरखपुर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में 27 वर्षीय सुजल राय निवासी स्टार ग्रीन सिटी हिनोतिया बरेला, 18 वर्षीय शुभम चक्रवर्ती और शिवा ठाकुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल भी बरामद की है और उनसे हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रामपुर चौकी प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करते समय गंभीर लापरवाही बरती और फायरिंग जैसी घटना के बावजूद आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 नहीं जोड़ी। इस चूक को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र जाटव पर 25 हजार रुपए की कॉस्ट अधिरोपित की है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी करन दाहिया गोरखपुर और रामपुर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, जो अपने गिरोह के साथ क्षेत्र में लोगों को धमकाता था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button