देश

अवैध कॉलोनाइजरों पर कसेगा शिकंजा, मार्च क्लोजिंग से पहले भर जाए निगम का खजाना, निगमायुक्त की मैराथन बैठक में राजस्व वसूली तेज करने के निर्देश

​कटनी, यशभारत। नगर के समग्र विकास और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में समय-सीमा (TL) बैठक ली। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई, जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारी और सार्वजनिक प्याऊ के संचालन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

जल गंगा संवर्धन: नदियों और कुओं का होगा कायाकल्प

​आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने जलप्रदाय शाखा को निर्देशित किया कि नगर की नदियों और तालाबों की तत्काल सफाई कराई जाए। उन्होंने भू-जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए सार्वजनिक कुओं का जीर्णोद्धार, पेंटिंग और ‘रिचार्ज वाटर पिट’ निर्माण के आदेश दिए। साथ ही, जल निकायों से अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु सीमांकन की प्रक्रिया तेज करने को कहा। ​निगमायुक्त ने उपयंत्रियों को वार्ड स्तर पर रोजाना भ्रमण कर अवैध कॉलोनियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में एफआईआर (FIR) शेष है, उनमें शीघ्र कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, अवैध मैरिज गार्डन संचालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ​शहर में बन रही ई-लाइब्रेरी और आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में देरी पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्य समय पर पूर्ण नहीं हुआ तो उन्हें ‘ब्लैक लिस्ट’ करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना में कम प्रगति पर योजना प्रभारी को रोजाना का लक्ष्य निर्धारित कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने की हिदायत दी। नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु महापौर की पहल पर मंगलवार, 10 मार्च को नगर निगम के एमआईसी सभागार में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। महापौर स्वयं नागरिकों के आवेदन लेकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश देंगी।

जल सुनवाई में पानी की शुद्धता की होगी जांच

​मंगलवार को शहर के सभी 45 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से ‘जल सुनवाई’ आयोजित की जाएगी। इसमें नागरिक न केवल पानी की आपूर्ति संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, बल्कि अपने घर के पानी का नमूना लाकर उसकी गुणवत्ता का मौके पर ही परीक्षण करा सकेंगे। उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक तीन चरणों में आयोजित होंगे।

​ राजस्व वसूली: अंतिम दौर में विशेष शिविरों का आयोजन

​वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए नगर निगम ने वसूली अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को सीएलपी स्कूल के पास और आधारकाप में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि बड़े बकायेदारों से डोर-टू-डोर संपर्क कर पीओएस मशीनों के माध्यम से टैक्स जमा कराया जा रहा है।

IMG 20260309 WA1284

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button