देश

भारत फिर बना क्रिकेट का सिरमौर, लगातार दूसरी बार जीता टी-ट्वेन्टी वर्ल्ड कप, पूरे देश में जीत का जश्न, होली के बाद मनाई जा रही दीवाली, आतिशबाजी की धूमधड़ाम से गूंज रहा आसमान

अहमदाबाद। भारत एक बार फिर फटाफट क्रिकेट का सिरमौर बन गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय शेरों ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी-ट्वेन्टी चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया है। भारत का यह तीसरा ट्वेन्टी-ट्वेन्टी खिताब है। इसके पहले महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी में पहली बार 2007, रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में दूसरी बार और अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 2026 में तीसरी बार यह खिताब जीतकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारत की इस जीत के हीरो संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पटेल और वरुण चक्रवर्ती रहे। जिन्होंने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। भारत की इस जीत से पूरा देश जश्न में डूब गया है। आतिशबाजी की धूम धड़ाम से आसमान गूंज रहा है। देश में कुछ ही दिन पहले होली मनाई गई थी। आज रंगपंचमी मनाई जा रही है लेकिन भारत की जीत के बाद पूरा देश दिवाली मना रहा है।
इसके पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम इंडिया के लिए सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार 89 रन बनाए। उनके साथ ओपनिंग करने आये अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक बनाया।। उन्होंने आउट होने से पहले 54 रनों की पारी खेली। ईशान किशन ने भी शानदार फॉर्म दिखाते हुए 52 रन बनाए। एक समय भारत का स्कोर 15 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 203 रन था। इसी समय संजू सैमसन 89 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जल्दी जल्दी 4 विकेट गिर गए। आखरी ओवर में शिवम दुबे ने 24 बनाकर टीम के स्कोर ढाई सौ के पार पहुंचाया। हार्दिक पांड्या ने 18, तिलक वर्मा ने 8 और शिवम दुबे ने 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने 3, जबकि रचिन रविंद्र और मैट हेनरी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। फ़ाइनल मुकाबले में 255 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही। न्यूजीलैंड को पावर प्ले में ही एक के बाद एक तीन झटके लगे। बाये हाथ के गेंदबाज अक्षर पटेल ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर फिन एलन को तिलक वर्मा के हाथों लपकवाया। सेमीफाइनल में सेंचुरी जड़ने वाले एलन ने 7 गेंदों में 9 रन बनाए। उन्होंने सीफर्ट (21)* के साथ 31 रनों की साझेदारी की। एलन के बाद आए रचिन रविंद्र ने दो गेंदों में एक रन बनाया। रचिन को बुमराह ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर ईशान को कैच करवाया। इसके बाद अपने दूसरे ही ओवर में अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को 5 रनों के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। न्यूजीलैंड ने पावर प्ले में 6 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 52 रन बनाए। भारत की बात करें तो भारत ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 92 रन बनाए थे। पावर प्ले के बाद भी भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज एक के बाद आउट होते चले गए। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 255 के जबाव में 159 रन ही बना सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button