T20 विश्व कप फाइनल: भारत की मजबूत बल्लेबाजी बनाम न्यूजीलैंड की घातक गेंदबाजी, किसका पलड़ा भारी?
कीवी बल्लेबाजी भी मजबूत

अहमदाबाद,एजेंसी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं। एक ओर जहां भारत की बल्लेबाजी पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में रही है, वहीं न्यूजीलैंड की गेंदबाजी ने विपक्षी टीमों को लगातार दबाव में रखा है। ऐसे में फाइनल में बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
भारत की बल्लेबाजी रही दमदार
टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी सबसे बड़ा हथियार बनकर उभरी है। संजू सैमसन ने चार मैचों में 201 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं, जबकि ईशान किशन ने आठ मैचों में 189 के स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 242 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। वहीं हार्दिक पांड्या ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 199 रन बनाने के साथ आठ विकेट भी लिए हैं। तिलक वर्मा को फिनिशर के रूप में उतारने का फैसला भी टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।
गेंदबाजी भारत की चिंता
हालांकि भारत के लिए गेंदबाजी चिंता का विषय रही है। जसप्रीत बुमराह को छोड़कर अन्य गेंदबाज अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। बुमराह ने सात मैचों में 10 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जबकि वरुण चक्रवर्ती से भी टीम को ज्यादा सफलता नहीं मिली है।
न्यूजीलैंड की गेंदबाजी घातक
न्यूजीलैंड की ताकत उसकी गेंदबाजी मानी जा रही है। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन की तेज गेंदबाजी ने बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। कप्तान मिचेल सैंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए रन गति पर नियंत्रण रखा है, जबकि रचिन रविंद्र ने इस टूर्नामेंट में 11 विकेट लेकर टीम को अहम सफलताएं दिलाई हैं।
कीवी बल्लेबाजी भी मजबूत
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। टिम सीफर्ट ने सात मैचों में 274 रन बनाए हैं, जबकि फिन एलन ने 203 के स्ट्राइक रेट से 289 रन बनाए हैं। ग्लेन फिलिप्स ने भी मध्यक्रम में अहम पारियां खेली हैं। हालांकि टीम का मध्यक्रम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया है।
ऐसे में फाइनल मुकाबले में भारत की मजबूत बल्लेबाजी और न्यूजीलैंड की धारदार गेंदबाजी के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है। अब देखना होगा कि खिताब की इस जंग में किस टीम का पलड़ा भारी पड़ता है।







