ईरान पर इजरायल का बड़ा हवाई हमला, 80 फाइटर जेट्स ने IRGC ठिकानों को बनाया निशाना
संघर्ष के आठवें दिन हालात और गंभीर

तेहरान। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के आठवें दिन हालात और गंभीर हो गए हैं। इजरायल ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान में बड़ा हवाई हमला करते हुए 80 फाइटर जेट्स से इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
रिपोर्टों के अनुसार 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर करीब 1300 से अधिक हमले किए जा चुके हैं। इन हमलों में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है। कई शहरों में पानी और बिजली की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है, जबकि 14 मेडिकल सेंटर भी हमलों की चपेट में आए हैं।
इस बीच ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। बीती रात ईरान ने इजरायल की ओर पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिसके बाद कई इलाकों में सायरन बजने लगे और लाखों लोगों को बम शेल्टर में शरण लेनी पड़ी। बताया जा रहा है कि अब तक ईरान इजरायल की ओर करीब 200 मिसाइलें दाग चुका है।
वहीं सऊदी अरब के सुल्तान एयरबेस पर भी मिसाइल हमला हुआ। सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार ईरान की दो बैलिस्टिक मिसाइलों को रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया, साथ ही चार ड्रोन भी मार गिराए गए।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते हमलों के कारण पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और इसके प्रभाव से कई अन्य देशों पर भी आर्थिक और रणनीतिक दबाव पड़ रहा है।







