जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

पीछे से मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्का जाम

जबलपुर। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-45 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

जानकारी के अनुसार उमरिया सुरई गांव निवासी गणेश सेन (48) अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से शहपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल, जिस पर तीन युवक सवार थे, ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सड़क पर गिर गईं। हादसे में पीछे बैठी महिला को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस और शहपुरा पुलिस को सूचना दी, लेकिन करीब एक घंटे तक न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस। इससे नाराज ग्रामीणों ने महिला का शव सड़क पर रखकर जबलपुर-भोपाल हाईवे (एनएच-45) पर चक्का जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा। ग्रामीण मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने और मृत महिला के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

समाचार लिखे जाने तक मौके पर कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंचा था। सड़क के दोनों ओर हजारों वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पूरी तरह बाधित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button