ढीमरखेड़ा में ग्रामीणों ने किया राशन चोरी का विरोध, लगाए आरोप, फिंगर लगवाने के बावजूद 4 माह से नहीं मिला था राशन

कटनी, यशभारत। जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में गरीबों को मिलने वाले राशन वितरण में आए दिन तरह-तरह की लापरवाही के मामले प्रकाश में आ रहे हैं, जहां एक और अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद समय पर गरीबों को राशन नहीं मिल पा रहा तो वहीं दूसरी ओर राशन चोरी होने की भी शिकायतें भी प्राप्त हो रही है
ताजा मामला बुधवार दोपहर का है, जहां ग्राम महगवा में गरीबों को वितरण होने वाला राशन 110 बोरी आया था। राशन दुकान में खाद्यान्न की बोरियों को रखवाया जा रहा था। पल्लेदार रंजीत और विकास के द्वारा दो बोरियां गांव के सुरेंद्र यादव के घर में रखवा दी गई। दूसरे के घर में राशन होने की सूचना ग्रामीणों को मिलने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि फिंगर लगाने के बावजूद चार माह से गांव में राशन वितरण नहीं हो रहा है। जैसे तैसे राशन आया, उसमें भी चोरी हो रही है प्रबंधक कमल पांडे के द्वारा मामले की जानकारी ढीमरखेड़ा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर से रखी दो बोरियों सहित दो युवकों को रात में थाने में लाया गया। देर रात तक प्रबंधक कमल पांडे भी थाने में मौजूद रहे लेकिन पुलिस के द्वारा मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया हैं।
इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी रविकांत ठाकुर ने बताया कि महगवा गांव में दो बोरी राशन दूसरे के घर में पल्लेदारों के द्वारा रखवाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रबंधक के द्वारा थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। फूड इंस्पेक्ट को मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसकी जांच की जा रही है कि चार माह से ग्रामीणों को राशन क्यों नहीं मिल रहा है।






