भोपालमध्य प्रदेश

ऑटो खड़ा करने के मामूली विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

ऑटो खड़ा करने के मामूली विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

​ घायल नईम उल्ला की हालत नाजुक, आरोपी शानू पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज

​भोपाल, यश भारत। राजधानी के टीला जमालपुर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश और मामूली बात पर आपा खोने का एक मामला सामने आया है। इंद्रा नगर ऑटो स्टैंड पर ऑटो खड़ा करने जैसी छोटी सी बात को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी मोड़ ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल नईम उल्ला और आरोपी शानू के बीच ऑटो खड़ा करने के स्थान को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बहस के दौरान दोनों के बीच तीखी गाली-गलौज हुई। इसी बीच गुस्साए शानू ने पास रखे चाकू से नईम उल्ला पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में नईम बुरी तरह घायल हो गया और सड़क पर ही गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और अन्य ऑटो चालकों ने घायल नईम उल्ला को निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

टीला जमालपुर थाना पुलिस ने घायल के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी शानू के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button