भोपालमध्य प्रदेश

रेलवन ऐप से आसान हुई रेल यात्रा: एक ही मंच पर मिल रहीं सभी सुविधाएं

रेलवन ऐप से आसान हुई रेल यात्रा: एक ही मंच पर मिल रहीं सभी सुविधाएं

भोपाल, यशभारत। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को डिजिटल माध्यम से बेहतर, सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवन अनुप्रयोग का परिचालन शुरू किया गया है। यह ऐप रेल यात्रा से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध करा रहा है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए विभिन्न पोर्टल्स या ऐप्स का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, ऐप पर ट्रेन की खोज, पीएनआर स्थिति, ट्रेन का वास्तविक समय परिचालन कोच पोजीशन और विश्राम कक्ष बुकिंग जैसी सुविधाएं भी एक साथ उपलब्ध कराई गई हैं। यात्री इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रेन में भोजन ऑर्डर करने, रिफंड प्रक्रिया पूरी करने तथा यात्रा का फीडबैक देने जैसी सेवाओं का लाभ भी उठा सकते हैं।

यात्रियों की सहायता और शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए रेल मदद को भी इस व्यवस्था से एकीकृत किया गया है। इसके जरिए यात्री अपनी शिकायतें या सुझाव सीधे दर्ज करा सकते हैं। साथ ही, रेलवे की 139 हेल्पलाइन सेवा और राष्ट्रीय गाड़ी पूछताछ प्रणाली भी इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के समय, ठहराव और परिचालन से जुड़ी सटीक जानकारी के लिए केवल रेलवे के अधिकृत ऐप्स और वेबसाइटों पर ही भरोसा करें। प्रशासन के संज्ञान में आया है कि अनधिकृत या गैर-सरकारी ऐप्स से प्राप्त पुरानी या गलत जानकारी के कारण यात्रियों को असविधा का सामना करना पड़ता है। इसलिए किसी भी डिजिटल मंच पर व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने और संदिग्ध लिंक्स से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button