जनजातीय कार्य विभाग में होगी 11 हजार से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति हाईकोर्ट के फैसले के बाद प्रक्रिया तेज, जल्द जारी होगी वरिष्ठता सूची

जनजातीय कार्य विभाग में होगी 11 हजार से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति
हाईकोर्ट के फैसले के बाद प्रक्रिया तेज, जल्द जारी होगी वरिष्ठता सूची
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा पदोन्नति के नए नियमों पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद प्रदेश के विभिन्न विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में जनजातीय कार्य विभाग ने उच्च माध्यमिक और माध्यमिक शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। विभाग जल्द ही करीब 400 उच्च माध्यमिक शिक्षकों और लगभग 11 हजार माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी करेगा जिसके बाद पदोन्नति की कार्रवाई शुरू होगी। जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त तरुण राठी की अध्यक्षता में ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक में पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने पर चर्चा की गई। विभाग का मानना है कि वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद हजारों शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिल सकेगा जिससे लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त होगी। इधर सहकारिता विभाग ने भी पदोन्नति नियम 2025 के तहत 15 संवर्गों के 613 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति देने के आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें प्रथम श्रेणी के 41 द्वितीय श्रेणी के 84 तृतीय श्रेणी के 486 तथा चतुर्थ श्रेणी के 2 कर्मचारी शामिल हैं।
पदोन्नति पाने वालों में संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं के 22, उप आयुक्त एवं उप पंजीयक के 19, सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक के 13 अंकेक्षण अधिकारी के 71 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक के 196 सहकारी निरीक्षक के 106, सहायक ग्रेड-2 के 111 सहायक ग्रेड 1 के 29 तथा सहायक ग्रेड 3 के 26 कर्मचारी शामिल हैं। हाईकोर्ट के फैसले के बाद विभिन्न विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया तेज होने से हजारों अधिकारियों कर्मचारियों और शिक्षकों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है







