एक पैर-हाथ की उंगली कटी…. युवक को ‘तालिबानी सजा पास में मृत हिरण मिलने से उलझी मिस्ट्री
दहशत और आक्रोश का माहौल

एक पैर-हाथ की उंगली कटी…. युवक को ‘तालिबानी सजा पास में मृत हिरण मिलने से उलझी मिस्ट्री
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवक गंभीर अवस्था में मिला। जिसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। एक पैर और हाथ की एक उंगली कटी हुई थी। शरीर पर जलाने के भी निशान मिले, वह पूरी तरह से लहूलुहान पड़ा था। लेकिन मामला तब रहस्यमयी हो गया जब कुछ ही दूरी पर हिरण मृत अवस्था में मिला। जिससे यह पूरा केस उलझ गया है। यह पूरा मामला बरगवां थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आजादपुर गांव का रहने वाला संदीप यादव नामक युवक पोखरा गांव के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। जिसके एक पैर और हाथ की एक उंगली कटी हुई थी, शरीर पर जलाने के भी निशान मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
साजिश या फिर कनेक्शन ?
मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। जिस स्थान पर संदीप घायल मिला, उससे कुछ ही दूरी पर एक हिरण मृत अवस्था में पड़ा मिला। इस रहस्यमयी संयोग ने पूरे मामले को और उलझा दिया है। क्या यह दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हैं या फिर किसी बड़ी साजिश की प्रस्तावना ?
दहशत और आक्रोश का माहौल
वन विभाग की टीम, बरगवां रेंजर और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस और वन अमला संयुक्त रूप से मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जिले में हो क्या रहा है ? क्या अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है ? वारदात के बाद आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। लेकिन जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर रही हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है, क्या इस सनसनीखेज मामले का सच सामने आ पाएगा या यह भी फाइलों में सिमट कर रह जाएगा ?







