सतना, यश भारत।कोलगवां थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से पकड़ा गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जुलाई 2024 को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान 22 नवंबर 2025 को पुलिस ने अपहृत बालिका को दस्तयाब कर न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए। बयान में बालिका ने दिनापुर थाना रामपुर बाघेलान निवासी संदीप साकेत उर्फ लल्लू (22) पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध धारा 87 बीएनएस तथा 5/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नासिक (महाराष्ट्र) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Back to top button