माधवनगर पुलिस ने दर्ज किए धोखाधड़ी के तीन मामले, शेयर एकांउट से 4 लाख रूपये आहरित करने का प्रयास, फर्जी प्रमाण पत्र से टेंडर लेकर 2 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी, फर्जी लेटरपैड से 18 लाख रूपये हड़पे

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने अंतराष्ट्रीय शेयर एकांउट से 4 लाख रूपये का आहरित करने के प्रयास पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि अनिरूद्ध मुखर्जी पिता स्व. वासुदेव मुखर्जी निवासी दद्दाधाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जगजीत सिंह द्वारा अंतराष्ट्रीय शेयर एकांउट से 4 लाख रूपये का आहरण करने का प्रयास किया गया। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच के बाद धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर टेंडर प्राप्त कर 2 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायत की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सुरेन्द्र प्रताप सिंह पिता हरीसिंह उम्र 64 वर्ष नि0 मदन मोहन चौबे वार्ड बरगवां थाना रंगनाथ नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मेसर्स देवेन्द्र कर्टीनेटल के प्रोपाईटर स्वपनिल बजाज ने फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर टेंडर प्राप्त करते हुए 2 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी की है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। माधवनगर पुलिस ने फर्जी लेटरपैड तैयार कर 18 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने के एक मामले की जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि नटराज फूड प्रोडक्ट ग्राम इमलिया के संचालक अनिल ठारवानी एडीएम लाईन ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ओम उर्फ ऊधव मोटवानी एवं तीरथदास मोटवानी ने फर्जी लेटरपैड तैयार कर 18 लाख रूपये की धोखाधड़ी की है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों ओम मोटवानी एवं तीरथदास के विरूद्ध धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।







