जबलपुरमध्य प्रदेश

शोभापुर ग्रीन कॉलोनी में हुई नकबजनी का खुलासा, 13 लाख के जेवर बरामद

क्राइम ब्रांच व रांझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई,दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। थाना रांझी अंतर्गत शोभापुर ग्रीन कॉलोनी में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच एवं रांझी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में थाना रांझी में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

सूने मकान को बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जनवरी 2026 को मार्टिन खाखा (72 वर्ष), निवासी प्लॉट नं. 12, शोभापुर ग्रीन कॉलोनी, रांझी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे क्वालिटी कंट्रोल विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनका छोटा पुत्र अविनाश खाखा 3 जनवरी 2026 को घर में ताला लगाकर पैतृक गांव जसपुर (छत्तीसगढ़) चला गया था। 8 जनवरी को वापस लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अंदर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने सुरेश चौधरी उर्फ सुई (35), निवासी बाबा टोला ठक्कर ग्राम, थाना हनुमानताल और जय चौधरी (25), निवासी सिंधी कैंप, बड़ी मदार टेकरी, थाना हनुमानताल को हिरासत में लिया।

पूछताछ में किया जुर्म कबूल

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 6 जनवरी 2026 की रात सूने मकान की बाउंड्री फांदकर पेंचकस से ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी के जेवर आपस में बांट लिए थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 तोला सोना और लगभग आधा किलो चांदी के जेवर जब्त किए, जिनमें 4 चूड़ियां, 2 नेकलेस, 5 अंगूठियां, 2 कंगन, 5 जोड़ी टॉप्स, 2 चैन, 1 मंगलसूत्र, 1 क्रॉस, 2 जोड़ी पायल, 3 जोड़ी बिछिया और 1 चांदी की कटोरी शामिल है। कुल बरामद मशरूका की कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है।

शातिर अपराधी निकले आरोपी

पुलिस के अनुसार सुरेश चौधरी के खिलाफ पूर्व में मारपीट, नकबजनी, जुआ एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित 16 अपराध दर्ज हैं, जबकि जय चौधरी के विरुद्ध 4 आपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button