उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने पद से दिया इस्तीफा – पारिवारिक दायित्व और समयाभाव का हवाला, पार्टी सदस्यता बरकरार

उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने पद से दिया इस्तीफा
– पारिवारिक दायित्व और समयाभाव का हवाला, पार्टी सदस्यता बरकरार
भोपाल, यश भारत ।
मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह त्यागपत्र कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सौंपा है।
संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने जानकारी देते हुए बताया कि कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसलिए उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र देना उचित समझा।
स्पष्ट किया गया है कि यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से। कटारे कांग्रेस के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ जुड़े रहेंगे।
उप नेता प्रतिपक्ष पद से दिया गया इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विवेक पर निर्भर रहेगा।







