जबलपुरमध्य प्रदेश

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन का कहर: बाइक सवारों को रौंदा,2 की मौत, 4 घायल

देर रात शहपुरा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा

जबलपुर यशभारत। बीती रात जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी जिससे मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

देर रात हुई इस सड़क दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत उड़ना ग्राम के रहने वाले 18 वर्षीय दीपांशु लोधी 19 वर्षीय लल्लन गौड़ एवं अमित आयुष उपेंद्र एवं विश्वजीत अलग-अलग बाइकों में सवार होकर बेलखेड़ा से पाटन की ओर जा रहे थे यह सभी जैसे ही सुरई ग्राम के पास पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में दीपांशु लोधी एवं लल्लन गौड़ के सिर एवं शरीर के अन्य अंगों में गंभीर रूप से चोटें आने के कारण मौके पर ही अधिक रक्तस्राव हो गया जिससे उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान कर जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button