मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान सत्ता-विपक्ष में तीखी नोकझोंक – उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का सरकार की उपलब्धियों पर जोर

मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान सत्ता-विपक्ष में तीखी नोकझोंक
– उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का सरकार की उपलब्धियों पर जोर
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश विधानसभा में चल रही बजट सत्र के दौरान बुधवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वित्तीय बजट पर चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। देवड़ा ने सदन को बताया कि सरकार द्वारा बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं। बीते दो वर्षों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम और खेल सुविधाओं के विकास पर कार्य किया जा रहा है तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बालिका जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बना रही है। उन्होंने कन्यादान सहित कई कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
देवड़ा ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग—विशेषकर युवा, खिलाड़ी और महिलाओं—को अवसर प्रदान कर प्रदेश के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है।
विपक्ष का हंगामा जारी
वहीं, बजट पर दिए जा रहे वक्तव्य के दौरान विपक्षी नेताओं का हंगामा भी लगातार जारी रहा। विपक्ष के विधायकों ने सरकार की नीतियों और बजट प्रावधानों को जनविरोधी बताते हुए जोरदार नारेबाजी की और विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास किया।
शोर-शराबे के बीच भी उपमुख्यमंत्री ने अपना वक्तव्य जारी रखा और सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी सदन को दी। अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।
सत्ता पक्ष का दावा है कि बजट विकासोन्मुख और जनहितकारी है, जबकि विपक्ष ने कई प्रावधानों पर असहमति जताते हुए अपना विरोध जारी रखने के संकेत दिए हैं।







