ट्रैक्टर की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत : क्षेत्र में शोक

सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजन छिबौरा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिवासी पिता बिट्टू आदिवासी का पुत्र घर के सामने खेल रहा था, तभी सड़क से गुजर रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल इलाज के लिए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
घटना की सूचना पर रामपुर बघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






