सतना/मैहर।मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत सुअरलोटा जंगल में एक विक्षिप्त महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। शुरुआती जांच में महिला की हत्या सिर पर पत्थर पटक कर किए जाने की आशंका जताई जा रही है, वहीं पहचान छिपाने के लिए शव को आग के हवाले किया गया।
चरवाहों ने दी सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सुअरलोटा जंगल में चरवाहे मवेशी चराने पहुंचे थे। करीब साढ़े नौ बजे जंगल के भीतर जली हुई चिता देखकर उन्होंने पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंची ताला पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त का प्रयास किया। इस दौरान दो युवकों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान ताला निवासी 56 वर्षीय सोमवती गुप्ता के रूप में की।
घटनास्थल पर मिले अहम सबूत
मौके के मुआयने में पुलिस को खून से सना एक बड़ा पत्थर मिला है, साथ ही शव को घसीटने के निशान भी पाए गए हैं। इससे आशंका है कि पहले महिला की हत्या की गई और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाया गया। बताया गया कि शव लगभग पूरी तरह जल चुका था, केवल घुटने के नीचे का बायां पैर सुरक्षित मिला।
दो दिन से थी लापता
परिजनों के अनुसार सोमवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और कई बार बिना बताए घर से निकल जाती थी। 14 फरवरी की सुबह वह घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने 15 फरवरी को ताला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पीएम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा के अनुसार, पीएम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला मानकर जांच में जुटी हुई है।
Back to top button