भोपालमध्य प्रदेश

हमीदिया कॉलेज में कर्मचारी ने लौटाया दस्तावेज से भरा कीमती वॉलेट

हमीदिया कॉलेज में कर्मचारी ने लौटाया दस्तावेज से भरा कीमती वॉलेट

भोपाल,यश भारत। राजधानी के प्रतिष्ठित शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ईमानदारी का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है। यहाँ एक कर्मचारी की सजगता के कारण एक छात्र का कीमती वॉलेट, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्ड्स थे, सुरक्षित वापस मिल गया। इस नेक कार्य के लिए कॉलेज प्रबंधन द्वारा कर्मचारी को सम्मानित भी किया गया।

भूल गए थे जरूरी दस्तावेज

मिली जानकारी के अनुसार, दो-तीन दिन पूर्व प्रदीप सक्सेना हमीदिया कॉलेज में परीक्षा फॉर्म भरने आए थे। फॉर्म प्रक्रिया के दौरान वे अपनी मार्कशीट की फोटोकॉपी कराने के लिए परिसर स्थित एमपी ऑनलाइन केंद्र पर गए। जल्दबाजी में उनका वॉलेट वहीं छूट गया, जिसमें क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे।

आधार कार्ड से खोज निकाला मालिक

वहाँ कार्यरत कर्मचारी कपिल को जब यह वॉलेट मिला, तो उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाई। कपिल ने वॉलेट में रखे आधार कार्ड के जरिए प्रदीप सक्सेना का मोबाइल नंबर निकाला और उनसे संपर्क कर सूचित किया कि उनका वॉलेट पूरी तरह सुरक्षित है। कपिल की इस ईमानदारी ने यह साबित कर दिया कि आज भी मानवीय मूल्य जीवित हैं।

प्राचार्य ने किया सम्मानित

जब इस घटना की जानकारी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल शिवानी को मिली, तो उन्होंने कपिल की ईमानदारी की खुले मन से सराहना की। प्राचार्य ने तुरंत कपिल को कार्यालय बुलाकर प्रोत्साहन और इनाम स्वरूप उन्हें एक कंबल भेंट किया।

इस गरिमामय अवसर पर हमीदिया कॉलेज ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी कपिल के इस आचरण को अन्य कर्मचारियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button